फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खंडवा में वसूली का खेल: बीजेपी नेताओं पर लगे हफ्ता वसूली के आरोप, मोमोज वाले का ठेला पलटने की कोशिश

Fri, 08 May 2026 09:28 AM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

मध्य प्रदेश के खंडवा में मोमोज का ठेला लगाने वाले एक युवक के साथ कथित हफ्ता वसूली, गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। युवक ने आरोप लगाया है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्रा के इशारे पर उससे रोजाना 500 रुपये की वसूली की जाती थी। पैसे नहीं देने पर भाजपा की एमआईसी सदस्य उषा दिनेश पंवार के भतीजे और उसके साथियों द्वारा गालीगलौज, मारपीट और धमकी दी जाती थी।

अतिक्रमण की शिकायत कर हटवाया ठेला

पीड़ित युवक ओकेन्द्र कुशवाह ने बताया कि चार से पांच महीने तक वह मजबूरी में पैसे देता रहा। लेकिन जब उसने पैसे देने से मना कर दिया, तो उसके खिलाफ अतिक्रमण के नाम पर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद नगर निगम ने उसका ठेला हटवा दिया। युवक का आरोप है कि आए दिन उसे परेशान किया जाता था और उसके साथ गुंडागर्दी की जाती थी।

ठेले की जगह दूसरा ठेला खड़ा कराया

गुरुवार देर शाम जब ओकेन्द्र कुशवाह अपने तय स्थान पर मोमोज का ठेला लगाने पहुंचा, तो वहां पहले से ही एक नया फास्ट फूड ठेला खड़ा मिला। आरोप है कि उसकी जगह पर जबरन दूसरा ठेला लगवाया गया और उसका ठेला पलटाने की कोशिश भी की गई। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ये भी पढ़ें: दहेज की बलि चढ़ी पूजा; ससुराल में कुदाल से काटकर विवाहिता की बेरहमी से हत्या, मायके में पसरा मातम

मौके पर पहुंची पुलिस, दर्ज हुआ मामला

विवाद की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ठेला लगाने वाले युवक को शिकायत दर्ज कराने थाने बुलाया। युवक की शिकायत पर पुलिस ने राज डोंगरे नाम के आरोपी के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और धमकी देने का मामला दर्ज किया। हालांकि बाद में दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी इन्हीं धाराओं में मामला दर्ज कर काउंटर केस बना दिया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मोमोज का ठेला लगाने वाले युवक के समर्थन में सामने आए। लोगों ने पुलिस द्वारा काउंटर केस दर्ज किए जाने पर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घण्टाघर इलाके में ठेले, गुमटियां और सिलाई मशीन लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों से भी कथित तौर पर रोजाना वसूली की जाती है।

नो वेंडर जोन में लगते हैं ठेले

लोगों का कहना है कि निगम ने इस क्षेत्र को नो वेंडर जोन घोषित कर रखा है, लेकिन इसके बावजूद यहां ठेले और गुमटियां लगती हैं। आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण के चलते वसूली का खेल चलता है और नगर निगम व पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है।पीड़ित युवक ओकेन्द्र कुशवाह ने बताया कि उसने पहले भी सोशल मीडिया के जरिए भाजपा नेताओं से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। युवक का कहना है कि अब भी उसके साथ लगातार गुंडागर्दी की जा रही है और उसे अपना रोजगार बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें