खंडवा में एक ऐसी शादी हुई जो पूरे इलाके के लिए मिसाल बन गई। इसमें, दूल्हे की जगह दुल्हन सजधज कर घोड़ी पर चढ़ी और लड़के वालों के यहां पहुंची। दरअसल पूरा मामला खंडवा से आठ किलोमीटर दूर स्थित सुरगांव जोशी का है, जहां के किसान नानाजी चौधरी ने अपनी बेटी की शादी में उसे पहले तो घोड़ी पर चढ़ाया। इसके बाद लड़की वाले अपने अरमान पूरे करते हुए शादी के कार्यकम स्थल तक नाचते गाते पहुंचे। उनकी इस अनोखी शादी को देखने कई गांव के लोग भी पहुंचे थे।
दरअसल ये एक विदाई भी थी, जिसका नजारा देखने के लिए कई गांवो के लोग पहुंचे थे। दुल्हन भाग्यश्री चौधरी के पिता नानाजी चौधरी ने बताया कि वे अपनी बेटी को कुछ अलग अंदाज से विदा करना चाहते थे। इस वजह से बेटी को घोड़ी पर चढ़ाया। दुल्हन भाग्यश्री चौधरी की शादी खंडवा के अजय जिराती के साथ हुई है, जोकि निजी बैंक में कार्यरत हैं ।
लड़का और लड़की ही दोनों होते हैं एक बराबर
वहीं इस अनोखे विवाह को लेकर दुल्हन के भाई रविन्द्र चौधरी ने बताया कि अमूमन हमारे समाज में दुल्हन को घोड़ी पर नहीं चढ़ाया जाता । यहां सिर्फ दूल्हे ही घोड़ी पर चढ़ते हैं, लेकिन हम लोगों ने एक बेटे की तरह बेटी को पाला है, वह हमारे परिवार की लाड़ली है।उसकी भी इच्छा थी, कि एक लड़के की तरह वह भी घोड़ी पर बैठकर जाए । उसकी इच्छाएं पूरी करने के लिए हमने सब कुछ किया।हमने बेटी को घोड़ी पर बैठाकर विदा किया, इसमें ग्रामीणों का भी भरपूर सहयोग मिला है । हम यही कहना चाहेंगे कि लड़का लड़की दोनों एक ही होते हैं, और इसको लेकर समाज में भी सोच बदलनी होगी ।
दुल्हन को घोड़ी पर बैठे देख, हर कोई चोंक गया
वहीं इन अनोखी शादी को लेकर दुल्हन भाग्यश्री ने बताया कि उनके पापा का सपना था कि वे घोड़ी पर बैठकर जायें, और उनका भी यही सपना था कि वे घोड़ी पर बैठकर ही जायें । इसमें उनके परिवार और उनके माता-पिता ने पूरा सहयोग किया । विवाह के दौरान वे करीब एक घंटे तक घोड़ी पर बैठीं, और यह उन्हें बहुत ही अच्छा लगा ।