मध्य प्रदेश की खंडवा पुलिस को नौ साल से फरार चल रहे लूट के एक ऐसे आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसने शहर के एक परिवार को देर रात अपनी गैंग के साथ मिलकर बंधक बनाया और फिर उनके साथ मारपीट कर करीब 15 लाख रुपए का माल लूटा था। हालांकि इस मामले के कुल 12 में से 11 आरोपी पहले ही पुलिस के शिकंजे में थे, लेकिन यह शातिर आरोपी अपनी पहचान छुपा कर, वारदात के बाद से ही राजस्थान के अजमेर में रहकर, खिलौने बेचकर पुलिस को चकमा दे रहा था। लेकिन देर सवेर यह भी कानून के लंबे हाथों से बच न सका, और खंडवा पुलिस ने जानकारी जुटाकर इसे अजमेर से धर दबोचा। इसके बाद अब इस पकड़े गए इनामी बदमाश से पुलिस पूछताछ जारी है। इसमें फरारी के दौरान की गईं और भी कई घटनाओं के सामने आने की पुलिस को उम्मीद है।
खंडवा के घासपुरा क्षेत्र स्थित गनी भाई बोहरा के घर अगस्त 2016 में रात के समय, करीब 12 बदमाशों ने घुसकर परिवार को बंधक बना कर, उनके साथ मारपीट करते हुए डकैती की घटना अंजाम दी थी। इस मामले में बदमाश घर में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नगदी सहित सोने, चांदी के जेवर मिलाकर करीब 15 लाख रुपये का सामान लूटकर भाग गए थे। इसके बाद थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जानकारी मिली थी कि घर में रखी अलमारी की मरम्मत के दौरान उसमें रखा नगद रुपया आरोपियों द्वारा देखा गया था। इसके साथ ही साल 2012 में बुरहानपुर में भी इसी तरीके से डकैती की घटना सामने आई थी। इसमें शातिर चोर बाबू वड्डर और उसकी गैंग पकड़ी गई थी। इसके बाद पाया गया था कि उसकी उपस्थिति खंडवा में भी पाई गई थी। इस आधार पर पुलिस के एक दल को राजस्थान के अजमेर में उसके होने की जानकारी मिलते ही वहां भेजा गया था।
पकड़ में आने के बाद आरोपी बाबू वड्डर द्वारा ही अपने 11 अन्य साथियों के साथ घटना करना स्वीकार किया था। साथ ही डकैती के माल में से करीब 11 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया था। इसके साथ ही इस मामले से जुड़े 11 आरोपी पुलिस गिरफ्त में जेल जा चुके थे। इसके बाद अब अंतिम इनामी आरोपी सद्दाम पिता सईद निवासी सलुजा कॉलोनी भी पकड़ा गया है। बता दें कि, आरोपी सद्दाम पर पुलिस द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम भी जारी किया गया था। यही नहीं, खंडवा पुलिस को सद्दाम के अलावा थाना मोघट रोड के एक दो हजार रुपये के स्थायी इनामी वारंटी अल्ताफ उर्फ चिग्गा निवासी रामेश्वर टेकड़ा को भी अजमेर से पकड़ने में सफलता हाथ लगी है, जोकि लूट के आरोपी सद्दाम के साथ ही फरारी काट रहा था।