फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khandwa News: ओंकारेश्वर में विदेशी युवक समेत कईयों को लूटने वाली गैंग के बदमाश गिरफ्तार, चोरी का माल जब्त

Wed, 12 Feb 2025 09:58 AM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

रेलवे पुलिस को नर्मदा जयंती जैसे भीड़भाड़ वाले पर्वों के दौरान वारदात करने वाली महाराष्ट्र के नंदूरबार की एक चोर गैंग को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। इस गैंग से पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी का माल जब्त किया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

बता दें कि बीते दिनों जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में दर्शन करने आए इजरायल के दो नागरिकों के साथ इस गैंग ने बैग छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। बैग में उनके पासपोर्ट, विदेशी मुद्रा सहित अन्य सामान था। इसके अलावा भी इस गैंग ने भीड़ का फायदा उठाकर कई अन्य वारदात की थीं। इन घटनाओं के बाद खंडवा जिले के पुलिस अधिकारियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दबाव बढ़ गया था।

इधर, इजरायली नागरिक ने अपने दूतावास दिल्ली तक इस मामले की जानकारी पहुंचाई थी। इसके बाद पुलिस ने चोरों के खिलाफ विशेष टीमें गठित कीं और अब यह गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ गई। नर्मदा जयंती के दिन जिले में कुल 5 स्थानों पर अज्ञात चोरों द्वारा अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था, जिन्हें लेकर भी पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की है।

रेल पुलिस ने पकड़ी महाराष्ट्रीयन चोर गैंग
यह गैंग पर्वों के दौरान भीड़ में चोरी की वारदात कर रही थी। वहीं, ट्रेनों में भी भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बना रही थी। इस दौरान रेल पुलिस की भुसावल टीम ने इस गैंग को ट्रेन में चोरी करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ओंकारेश्वर की वारदातों को भी कबूल कर लिया। इस सफलता पर खंडवा एसपी ने आरपीएफ टीम को आठ हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इसके बाद खंडवा पुलिस ने भी इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

विदेशी सैलानियों के साथ इस तरह दी वारदात को अंजाम
नज्योतिर्लिंग र्मदा जयंती और प्रयागराज में जारी महाकुंभ के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान और भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन करने के लिए तीर्थनगरी पहुंचे थे। इसी भीड़ में इजरायल के नागरिकों का भी बैग झपटमार बदमाशों ने जेपी चौक पर छीन लिया था। आरोपी ने पहले विदेशी नागरिक को यह कहकर रोका कि उसकी टी-शर्ट पर गंदगी लगी है। इसी बहाने उसका ध्यान भटकाकर उसने बैग छीन लिया और भाग गया। इस बैग में दो पासपोर्ट, विदेशी करेंसी, 10 हजार रुपए नकद और एक सैमसंग मोबाइल था।

भीड़ में ये सामान भी हुए चोरी ब्रह्मपुरी पार्किंग में खड़ी एक कार का दरवाजा खोलकर अज्ञात बदमाश ने उसमें रखे दो लैपटॉप और 8 हजार रुपए नकद चुरा लिए। विष्णु मंदिर पार्किंग के सामने एक बुजुर्ग महिला का ध्यान भटकाकर उसका वीवो मोबाइल और 4 हजार रुपए चुरा लिए गए। दो अलग-अलग स्थानों से दो अन्य मोबाइल भी चोरी हुए। थाना मांधाता पुलिस ने इन मामलों में 5 अलग-अलग केस दर्ज किए थे।
रेल में चोरी करना पड़ा महंगा
रेलवे पुलिस ने चोर गैंग के 4 आरोपियों को ट्रेन में चोरी करते हुए गिरफ्तार किया। इनमें अजय पिता महाराना नायडू (28), अविनाश पिता महाराना नायडू (25), काली पिता कोण्डैया नायडू (29), सभी निवासी नवापुर वाकीपाड़ा, जिला नंदूरबार, महाराष्ट्र और राजा पिता आर. मुम जाधव (26), निवासी कोयला फाटक, उज्जैन शामिल हैं।  इन आरोपियों से पुलिस ने ओंकारेश्वर से चोरी गया काफी सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया।

अब जेल में चोर गैंग
पुलिस ने इस गैंग से 4 मोबाइल सहित कुल 1 लाख 30 हजार रुपए का चोरी का सामान जब्त किया। इसके बाद थाना मांधाता पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर प्रोडक्शन वारंट लिया। पुलिस ने आरोपियों का 1 दिन का रिमांड भी लिया था। 11 फरवरी को न्यायालय में पेशी के बाद चारों आरोपियों को जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।
     

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें