मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की कसरावद मंडी में इस समय जहां एक ओर सफेद सोना कहे जाने वाले कपास की आवक शुरू हो चुकी है, तो वहीं सोमवार से सीसीआई द्वारा भी कपास खरीदने की शुरुआत कर दी गई है। इस खरीदी के शुरू होने से कृषि उपज मंडी कसरावद पहुंचे किसानों के चेहरे पर मुस्कान भी देखी गई। माना जा रहा है कि अब किसानों को अपनी कपास की उपज से अच्छा लाभ मिल सकेगा। हालांकि सोमवार को कसरावद मंडी प्रांगण में दो वाहन कपास की आवक रही, और ये दोनों ही वाहन सीसीआई. कंपनी द्वारा ख़रीद लिए गए। बता दें कि सीसीआ के द्वारा मुहूर्त में कृषक नरेन्द्र लक्ष्मण निवासी कसरावद का कपास खरीदा गया, जिन्हें 7421 रुपये के दाम दिए गए। वहीं इसका अनुमानित वजन 25 क्विंटल करीब रहा है।
बता दें कि कसरावद मंडी में सीसीआई द्वारा कपास खरीदी के लिए उच्चतम भाव 7421 रु प्रति क्विंटल रखे गए, तो वहीं न्यूनतम भाव 7272 रु एवं मॉडल रेट 7272 रु रखा गया। वहीं मंडी में आए दोनों वाहन की सीसीआई द्वारा खरीदी की गई। इस दौरान मंडी में सीसीआई के अधिकारी कन्हैयालाल बघेल, सहित मंडी सचिव आपसिंह किराड़े, मंडी कर्मचारी महेश पाटीदार, ओमप्रकाश सिसोदिया और व्यापारी SMO इंडस्ट्रीज के मालिक तुलसीदास अग्रवाल सहित श्रीराम इंडस्ट्रीज, भगवती ट्रेडर्स, राहुल ट्रेडर्स के प्रतिनिधि एवं किसान संघ अध्यक्ष बाबुलाल तिरोले आदि उपस्थित रहे। इस दौरान किसान भाइयों से अपील की गई कि अपनी कृषि उपज साफ, सुथरी एवं सुखाकर विक्रय हेतु मंडी प्रांगण में लाएं। साथ ही वे बाहर की धोखाधड़ी से बचें, और अपनी उपज मंडी में सीधे लेकर आएं।