मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारजी महाराज की तीसरी महासवारी श्रद्धा व धूमधाम के साथ निकाली गई। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को अपरान्ह दो बजे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर जी सजी हुई पालकी में विराजमान होकर ढोल धमाकों के साथ प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान भोले शम्भू भोलेनाथ के उद्घोष के साथ नाचते हुए भोले बाबा के भक्त भक्ति में झूम रहे थे। बाबा की पालकी तपस्या गुफा होकर कोटितीर्थ घाट पंहुची। जहां पुण्य सलिला नर्मदाजी के पावन तट पर 251 लीटर दूध एवं पंचामृत नर्मदा जल से विद्वान पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चार के साथ महाभिषेक सम्पन्न करवाया गया।