फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khandwa: कब्रिस्तान में महिलाओं की कब्रों के साथ छेड़छाड़, परिजनों ने जताई तांत्रिक क्रिया की आशंका

Tue, 20 May 2025 02:41 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,खंडवा

मध्य प्रदेश के खंडवा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बड़ा कब्रिस्तान में तीन महिलाओं की कब्रें किसी ने पैरों की ओर से खोद दीं। परिजनों का आरोप है कि कब्रों में दफन महिलाओं के शवों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है। परिजनों के मुताबिक ये महिलाएं करीब 50 साल की थीं और अभी हाल ही में शुक्रवार को दफनाई गई थीं। जब वे कब्रिस्तान पहुंचे, तो देखा कि कब्रों पर रखी फर्शी हटाई गई है और शवों के कफन भी अस्त-व्यस्त हैं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

कुछ लोगों का शक है कि तांत्रिक क्रिया के लिए यह सब किया गया हो सकता है। इस मामले की जानकारी मिलते ही खंडवा के सीएसपी, तहसीलदार, पुलिस बल और मुस्लिम समाज के कई लोग कब्रिस्तान पहुंचे। कब्र खोदने वाले अब्दुल रहमान ने बताया कि सुबह उन्हें पता चला कि तीन कब्रें किसी ने खोली हैं। उन्होंने देखा कि कब्रों की चटाई हटी हुई थी और सभी हाल ही में बनाई गई कब्रें थीं, जिससे शक है कि किसी ने तांत्रिक काम के लिए ऐसा किया हो।

कब्रिस्तान कमेटी के कोषाध्यक्ष जाहिद अहमद ने भी घटना की पुष्टि की और कहा कि ये काम किसी शरारती तत्व या तांत्रिक व्यक्ति का हो सकता है। कुछ लोगों का मानना है कि महिलाओं के शवों के साथ गलत हरकत भी हो सकती है, क्योंकि कफन अस्त-व्यस्त मिले हैं। हालांकि सच क्या है, ये पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा। कोतवाली थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

'छेड़छाड़ करने वाले पर होगी सख्त कार्रवाई'

खंडवा के सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ दफनाए गए शवों के साथ छेड़छाड़ की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों से भी बातचीत की जा रही है, और उनकी सहमति के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और कब्रिस्तान के चौकीदार से पूछताछ की जा रही है। सीएसपी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति द्वारा छेड़खानी की पुष्टि होती है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, ये तीनों कब्रें महिलाओं की हैं, जिन्हें हाल ही में शुक्रवार को दफनाया गया था।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें