मंगलवार को जारी एमपी बोर्ड के नतीजों के बाद निमाड़ के खंडवा जिले में हर्ष का माहौल है। यहां की छैगांव माखन तहसील अंतर्गत आने वाली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छेगांव माखन के कक्षा 12वीं के कृषि समूह से प्रदेश की प्रावीण्य सूची में चौथी रैंक हासिल करने वाले छात्र जयदीप कछाया पिता सुमेर सिंह कछाया के घर जश्न का माहौल है। जयदीप ने यह कामयाबी हासिल करते हुए कृषि संकाय में कुल 500 में से 480 अंक प्राप्त किये हैं। जयदीप खंडवा जिले के ही ग्राम कालजा खेड़ी के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सबसे पहले अपने पिता को और उसके बाद अपने शिक्षकों को दिया है, क्योंकि उनका मानना है कि उनके ही सहयोग से वे इस कठिन परिश्रम को करने में सफल हुए हैं और प्रावीण्य सूची में चयनित हो सके हैं।
पढ़ें: पिछले साल के मुकाबले 10वीं के रिजल्ट में 18.12 फीसदी की वृद्धि, 12वीं में भी बढ़ोतरी; जानें
अच्छे से पढ़ो और अच्छे नंबर लाओ
यही नहीं जयदीप ने अपनी सफलता दूसरों के साथ बांटते हुए उन्हें सलाह भी दी है कि सभी छात्र पढ़ाई के साथ-साथ अपने माता-पिता और गुरुजनों की सलाह और उनका कहना मानें। क्योंकि यह वे लोग हैं, जो हम छात्रों के भले के लिए ही सब कुछ चाहते हैं। बता दें कि जयदीप के पिता एक किसान हैं, लेकिन जयदीप का कहना है कि, उनके पिता ने उन्हें खेती किसानी के काम से दूर रखकर केवल पढ़ाई पर ध्यान देने का ही कहते थे। जिसका नतीजा आज सफलता के रूप में उनके सामने आया है और उनके पिता ने तो हमेशा उनसे यही कहा कि अच्छे से पढ़ो और अच्छे नंबर लाओ।