फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khandwa News: 'लाड़ली बहना कोई भीख नहीं', कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस की प्रतिभा ने साधा निशाना

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन Updated Thu, 25 Jun 2026 12:09 PM IST

मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान से कांग्रेस पार्टी को सत्ताधारी दल पर पलटवार करने का मौका मिल गया है। विजयवर्गीय द्वारा सरकार की बनाई सड़कों और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं से दूर रहने की सीख देने पर प्रदेश के खंडवा जिले से कांग्रेस नेत्री और टीम राहुल गांधी की सदस्य प्रतिभा रघुवंशी ने इस मामले में सीएम मोहन यादव पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस नेत्री प्रतिभा रघुवंशी का कहना था कि भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से यही रवैया रहा है कि संविधान की मूल आत्मा को जाति और धर्म के नाम पर खंडित किया जाए। समय-समय पर ऐसे जाति या धर्म से जुड़े शब्दों का उपयोग, चाहे वह 'काफिर' हो या 'जिहादी', किया जाता रहा है। जबकि यह देश किसी भी चुने हुए प्रतिनिधि को इस तरह की इजाजत नहीं देता। चुनाव जीतने तक आप किसी पार्टी के नेता हो सकते हैं, लेकिन शपथ लेने के बाद आप इस देश के चुने हुए जनप्रतिनिधि होते हैं। ऐसे में किसी मंत्री द्वारा इस तरह की बात करना संविधान पर हमला है, जो भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली को दर्शाता है। यही नहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता प्रतिभा रघुवंशी ने आगे कहा कि ये लोग संविधान बदलना चाहते हैं। ये जाति और धर्म के नाम पर झगड़े करवाना चाहते हैं। वहीं, लाड़ली बहना योजना को लेकर उन्होंने कहा कि यह योजना चुनी हुई सरकार का वादा था। लाड़ली बहनों को कोई भीख नहीं दी जा रही है। हम ही लोग हैं जो टैक्स का पैसा सरकार को देते हैं। आज महंगाई इतनी बढ़ गई है कि एक महिला रसोई गैस संभाले या दूसरा घरेलू सामान खरीदे। ऐसे में सरकार जो सहायता राशि दे रही है, वह कोई भीख नहीं, बल्कि जनता के पैसे का ही उपयोग है।

ये भी पढ़ें- MP: महाकाल मंदिर में फिर टूटा दान का रिकॉर्ड, इस वर्ष समिति को मिले 144 करोड़ रुपये; जानें कहां से कितने आए? इस तरह प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि वे कांग्रेस की नेता होने के नाते मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कही गई बातों का कड़ा विरोध करती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव कर सरकार अपनी योजनाओं से किसी भी वर्ग की महिलाओं को बाहर करने की बात न करे, क्योंकि इससे कहीं न कहीं आपकी सोच में फिरकापरस्ती जैसी मानसिकता उजागर होती है। बता दें कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 'काफिर' शब्द पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सबके विकास के लिए काम करती है। यदि कुछ लोग हमें काफिर मानते हैं, तो उन्हें सरकार द्वारा बनाई गई सड़कों और 'लाड़ली बहना' जैसी योजनाओं का लाभ भी नहीं लेना चाहिए।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें