देशभर में पांच दिन तक चलने वाले रंगोत्सव का समापन बुधवार को रंग पंचमी के साथ धूमधाम से हुआ। मध्यप्रदेश के खरगोन नगर में भी इस अवसर पर नगर पालिका की पारंपरिक गेर निकाली गई, जिसमें हजारों लोगों ने उमंग और उत्साह के साथ भाग लिया।
खरगोन सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र में धुलेंडी की बजाय रंग पंचमी पर रंगों की होली अधिक उत्साह से खेली जाती है। इस बार नगरपालिका की गेर में ब्लोअर शावर मशीनों से 10 क्विंटल से अधिक गुलाल और फूल उड़ाए गए। आम हो या खास, सभी ने मिलकर इस सामूहिक गेर का आनंद लिया और पूरे हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया।
ये भी पढ़ें- लाखों लोगों का उत्साह, रंगों की बौछार; तस्वीरों में देखिए इंदौरी रंगपंचमी के रंग
शहर में रंगों की बौछार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गेर का जुलूस नगरपालिका परिसर से शुरू होकर पोस्ट ऑफिस चौराहे तक पहुंचा, जहां हजारों लोग रंगों से सराबोर होकर फिल्मी गानों पर झूमते नजर आए। पूरे शहर में होली के गीतों की गूंज और गुलाल की रंगीन बौछार ने माहौल को और भी उल्लासमय बना दिया। रंग पंचमी के दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई और पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
ये भी पढ़ें- गेर में पहली बार हुई मौत, महिलाओं को बनाया निशाना, मुख्यमंत्री ने आना निरस्त किया
कलेक्टर बंगले पर भी मनी रंग पंचमी
इसी उत्साह के बीच, कलेक्टर बंगले पर भी रंग पंचमी का आयोजन किया गया, जहां जिला कलेक्टर भाव्या मित्तल, डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा और एसपी धर्मराज मीना सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस मौके पर कलेक्टर भाव्या मित्तल ने कहा, "वर्ष में एक बार ऐसा अवसर आता है जब सभी लोग मिलकर एक साथ रंगों का यह पावन पर्व मनाते हैं। यह हमारे समाज में समरसता और भाईचारे का प्रतीक है।" खरगोन में रंग पंचमी का यह पर्व रंगों और खुशियों से सराबोर रहा। हर उम्र के लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे यह उत्सव यादगार बन गया।