फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Burhanpur: भारी बारिश के बाद सरकारी स्कूल का नहीं खुल पाया ताला, उफनते नाले को पार कर छात्र-शिक्षक गए विद्यालय

Tue, 03 Sep 2024 08:13 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, बुरहानपुर

मध्यप्रदेश में बीते दो दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। ऐसे में यहां के सभी नदी-नाले उफान पर हैं तो वहीं इससे अब जनजीवन भी प्रभावित होता नजर आ रहा है। ऐसा ही एक नजारा प्रदेश के बुरहानपुर जिले के ग्रामीण अंचल से देखने को मिल रहा है। जहां का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो जिले के ग्राम मोहद का बताया जा रहा है, जहां के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने से एक नाला बड़े विकराल अंदाज में उफनता हुआ बह रहा है, जिसे पार कर पाना मुश्किल दिख रहा है तो वहीं स्कूल में जाने के लिए इस नाले को पार करना होगा और चूंकि नाला पार करना खतरनाक साबित हो सकता है, इसके चलते स्कूल में सुबह की पारी दोपहर तक भी शुरू ही नहीं हो सकी है, जिसको लेकर ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

निमाड़ के बुरहानपुर जिले में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद से लगातार दो दिनों से रात के समय भारी बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों के नदी नाले उफान पर आ गए हैं। जिले के कई गांवों की सीमा के बाहर नालों में बारिश का पानी बहने से गांव वालों का जिला मुख्यालय की ओर आवागमन तक बंद हो गया है। यहां तक कि जिले की सीमा में कुछ गांव तो ऐसे हैं, जिनमें गांव से कुछ ही दूरी पर नए स्कूल भवन तो बने हुए हैं। लेकिन उनके पास बह रहे नाले में पूर का पानी आने से छात्रों और शिक्षकों का स्कूल पहुंच पाना मुश्किल हो चुका है।

ऐसा ही एक मामला जिले के मोहद गांव का है, जहां स्थित शासकीय हाईस्कूल गांव से कुछ ही दूरी पर होने के चलते, इस बारिश के मौसम में नाले के उफान पर आ जाने से स्कूल तक छात्र और शिक्षक नहीं पहुंच पाए, जिससे यहां के छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। गांव वालों का कहना है कि कई बार इस समस्या से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत भी कराया गया है।लेकिन किसी ने अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया है। इसके बाद ग्रामीणों ने इसका एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं, वायरल वीडियो मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें