कटनी पुलिस ने एक जालसाज आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर लड़कियों से दोस्ती कर उन्हें फंसाता था और फिर शादी का झांसा देकर उनका दैहिक शोषण करता था। पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को मऊगंज जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, युवती और आरोपी सत्यनारायण शर्मा की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इस दौरान आरोपी सत्यनारायण शर्मा ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि करीब 2 साल तक चले इस प्रेम प्रसंग में जब भी शादी की बात होती, तो आरोपी बहाने बनाकर इसे टाल देता। लंबे इंतजार के बाद युवती ने शादी पर जोर दिया तो उसने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को सारी बात बताई और थाने में आरोपी सत्यनारायण शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
कुठला थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर उमरिया जिले के ग्राम भरेवा निवासी सत्यनारायण शर्मा के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। उसकीगिरफ्तारी के लिए टीम भेजी गई थी, लेकिन आरोपी घर से फरार हो गया था। इसी दौरान, आरोपी के मऊगंज जिले में होने की सूचना मिली। तीन सदस्यीय टीम ने वहां जाकर उसे गिरफ्तार किया और फिर कटनी लेकर। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने पूर्व में भी इसी तरह के कृत्य उमरिया जिले में किए हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। फिलहाल, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।