मध्यप्रदेश के कटनी जिले से आंगनबाड़ी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ढीमरखेड़ा तहसील के आदिवासी अंचल में बसे ग्राम कोठी के सेहरा टोला में आंगनबाड़ी केंद्र अव्यवस्थाओं का शिकार हैं। यहां छोटे-छोटे बच्चों के साथ बकरियां भी मध्यान भोजन करती नजर आईं। हैरानी की बात यह है कि केंद्र का संचालन न तो स्वीकृत भवन में हो रहा है और न ही वहां कार्यकर्ता और सहायिका मौजूद थीं।
कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम कोठी के सेहरा टोला में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति बेहद चिंताजनक है। भवन न होने के कारण केंद्र का संचालन एक निजी मकान में किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की अनुपस्थिति में बच्चे वहीं जमीन पर बैठकर मध्यान भोजन करने को मजबूर हैं, जहां पास ही बकरियां भी चारा खा रही थीं।
ये भी पढ़ें- सुधार गृह से बाहर आते ही युवक पर किया चाकू से हमला, कैमरे में कैद हुई घटना
ग्रामीणों ने बताया कि सेहरा टोला के लिए पूर्व में आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत किया गया था, लेकिन उसका निर्माण गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर बैगा मोहल्ले में कराया जा रहा था। दूरी अधिक होने के कारण आदिवासी ग्रामीणों और बैगा समाज ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विभाग ने स्थान परिवर्तन कर सेहरा टोला में नया भवन बनाने का आश्वासन दिया था। साथ ही नये सिरे से कार्यकर्ता और सहायिका की नियुक्ति की बात भी कही गई थी। हालांकि कई महीने बीत जाने के बावजूद न तो भवन बन सका और न ही नई नियुक्तियां हो पाईं। इसका सीधा असर बच्चों और महिलाओं पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी के माध्यम से मिलने वाला पोषण आहार और महिलाओं को मिलने वाली टीकाकरण सुविधाएं भी नियमित नहीं हो पा रही हैं।
ग्रामीण महिला प्रियंका ने बताया आदिवासी बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। शासन ने जो भवन और स्टाफ देने का वादा किया था वह आज तक पूरा नहीं हुआ। बच्चों के साथ जानवर बैठ जाते हैं, न देखरेख है न सुविधा। हम कई बार शिकायत कर चुके हैं महिलाओं को टीकाकरण के लिए भी भटकना पड़ता है, केंद्र सिर्फ नाम का चल रहा है सेहरा टोला में ही भवन बने और सही कर्मचारी आएं, यही हमारी मांग है। मामले पर परियोजना अधिकारी आरती यादव ने बताया कि लापरवाही की शिकायत मिलने पर सेक्टर सुपरवाइजर को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं गांव जाकर स्थिति का जायजा लेंगी और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।