मध्यप्रदेश के कटनी जिले के उमरियापान थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जिसमें नहर में नहाने गई चार बच्चियां डूब गईं। यह घटना बरगी दायी तट नहर की है, जहां दोपहर के समय चारों बच्चियां घर से नहाने के लिए निकली थीं। नहर किनारे नहा रही इन बच्चियों का पांव फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर गईं। जब बच्चियों ने मदद के लिए चीख-पुकार मचाई, तो पास से गुजर रहे ग्रामीण ने बिना हिचकिचाए नहर में कूदकर 12 वर्षीय अनन्या को बचा लिया। हालांकि, 8 वर्षीय मानवी, 12 वर्षीय सिद्धिका और 13 वर्षीय अंशिका की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उमरियापान पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद दो शवों को नहर से बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीसरे शव की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रभात शुक्ला ने बताया कि ग्राम परसवारा की चार बच्चियां नहर में नहाने के दौरान डूब गईं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पानी में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन शव नहीं मिलने पर स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। साथ ही, एसडीआरएफ की टीम को भी सूचित किया गया। घटनास्थल पर 4 घंटे से एसडीआरएफ की टीम तीसरे शव की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। इस घटना से स्थानीय गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और बच्चियों के परिवार में गम का माहौल है।