दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। डीजल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें भरा डीजल सड़क पर फैल गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों में डीजल भरने की होड़ मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग बाल्टी, डिब्बे, कैन और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और बह रहे डीजल को अपने बर्तनों में भरने लगे। इस दौरान कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना थांदला-टिमरवानी टोल बैरियर और रतलाम के बीच स्थित रेस्ट एरिया के आगे माही नदी के पुल के पास हुई। हादसे के बाद टैंकर से लगातार डीजल का रिसाव होता रहा और सड़क पर डीजल फैल गया। डीजल बहता देख आसपास के ग्रामीणों में डीजल लूटने की होड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम और रतलाम जिले की रावटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया और किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आग लगने जैसी संभावित घटना से बचाव के लिए पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई। साथ ही यातायात को सुरक्षित तरीके से संचालित करने के लिए आवश्यक इंतजाम भी किए गए, ताकि अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। एक लेन के बंद होने से दूसरी लेन से वाहनों की आवाजही शुरू की गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से टेंकर को सड़क से हटाया इस दौरान करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
ये भी पढ़ें- इंदौर में 30 जुलाई को बनेगा स्वच्छता का विश्व रिकॉर्ड, शहरवासियों से पांच लाख सेल्फी लेने की अपील
हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया, जिसे एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम द्वारा तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं एक्सप्रेसवे प्रबंधन द्वारा सड़क पर फैले डीजल को हटाने और यातायात को पूरी तरह सामान्य करने का कार्य भी किया गया।