केन्द्रीय विद्यालय में कक्षा नवमी में पढ़ने वाली चार छात्राएं स्कूली से बंक मारकर भदभदा वॉटरफॉल घूमने गई थीं। पैर फिसलने के कारण पानी में डूबने से दो छात्राओं की मौत हो गई। बुधवार को गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
सीएसपी रांझी सतीश कुमार साहू के अनुसार केंद्रीय विद्यालय खमरिया में कक्षा नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली चार सहेलियां मंगलवार को स्कूल से बंक मारकर भदभदा वॉटरफॉल पिकनिक मनाने चली गई थीं। प्रतिज्ञा ठाकुर और आयुषी सोनवारे तथा श्रुति यादव और देवांशी कोरी अलग-अलग ग्रुप बनाकर पिकनिक स्पॉट में घूम रही थी। इसी दौरान श्रुति और देवांशी का अचानक पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चली गईं।
ये भी पढ़ें- दिल दहलाने वाला मामला: झाबुआ में विवाद के बाद पति ने काट डाली पत्नी की नाक, कटी नाक जानवर खा गए
प्रतिज्ञा और आयुषी उस समय पास ही दूसरे स्थान पर घूम रही थीं। देर शाम तक श्रुति और देवांशी नहीं लौटी तो वह दोनों घर वापस लौट आई थीं। श्रुति और देवांशी के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों के उनके संबंध में पतासाजी प्रारंभ की और रांझी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने अपहरण के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए उनके तलाश प्रारंभ कर दी थी।
पूछताछ के दौरान सहेलियों ने बताया कि वे चारों सहेलियां बंक मारकर भदभदा वॉटर फॉल गई थीं। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से वॉटरफॉल में छात्रों की तलाश करवाई। दोनों छा़त्राओं के शव दोपहर में निकाले गए। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।