अधिवक्ता वर्ग और साई (SPORTS AUTHORITY OF INDIA)हॉस्टल के खिलाड़ियों के बीच रविवार को रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए विवाद के बाद देर रात लगभग डेढ़ सौ अज्ञात लोग हॉकी और डंडों से लैस होकर रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित शासकीय यूथ हॉस्टल में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना से परिसर में भय का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि मप्र उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ और जिला न्यायालय अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एडवोकेट प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा था। जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व सचिव सम्पूर्ण तिवारी ने आरोप लगाया कि रविवार शाम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से बाहर निकलते समय साई के खिलाड़ियों ने अधिवक्ता अंकुश पटेल की कार रोककर रुपयों की मांग की और उनके साथ मारपीट की। तिवारी के अनुसार आरोपियों ने उनकी जेब से दो सौ रुपये भी निकाल लिए। इस घटना की रिपोर्ट लार्डगंज थाने में दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़ें: Shivpuri News: टॉयलेट से निकलते ही गिरा 21 वर्षीय अनमोल, कार्डियक अरेस्ट से मौत; बढ़ती घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
यूथ हॉस्टल के मैनेजर आर.के. परिहार के अनुसार रात में करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोग हॉकी और डंडे लेकर आए, गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और तोड़फोड़ की। मारपीट में हॉस्टल में रुके एक व्यक्ति को चोटें आई हैं। परिहार ने बताया कि तोड़फोड़ से करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
साई हॉस्टल की इंचार्ज दुर्गेश नंदिनी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में हॉस्टल के खिलाड़ियों के विवाद में शामिल होने की बात सामने नहीं आई है। इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई जा रही है और यदि किसी खिलाड़ी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।