जबलपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक स्थित टिकट काउंटर में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक युवक ने जमकर तोड़फोड़ की। आरोपी ने रॉड से हमला कर टिकट काउंटर के कांच तोड़ दिए और अंदर घुसकर कर्मचारियों को धमकाने लगा। अचानक हुए इस हमले से नाइट ड्यूटी कर रहे रेलवे कर्मचारी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गए। घटना से पूरे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ यात्रियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
युवक को आरपीएफ-जीआरपी ने किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। आरपीएफ थाना प्रभारी इरफान मंसूरी ने बताया कि आरोपी की पहचान पवन (25 वर्ष) निवासी नागपुर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि युवक अपने परिजनों से विवाद कर बिना बताए जबलपुर पहुंचा था।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं, परिजनों से हुई थी बहस
परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और घटना से पूर्व उसकी परिजनों से फोन पर बहस हुई थी। आवेश में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। रेलवे प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद युवक को जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन में तनाव का माहौल
इस घटना के चलते रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। नाइट ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर युवक इतनी आसानी से काउंटर में कैसे घुस गया। फिलहाल, आरपीएफ और जीआरपी इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।