रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्रों ने परीक्षा में सिलेबस से अलग प्रश्न पत्र आने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग थी कि शिक्षकों की गलती का सजा उन्हें नहीं मिलनी चाहिए। छात्रों द्वारा जनरल प्रमोशन देने की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। छात्रा भूमिका शुक्ला ने बताया कि पूरे वर्ष उन्हें बिजनेस इकोनॉमिक्स पढ़ाया गया था, जबकि परीक्षा में बिजनेस इकोनॉमिक्स-ऑब्जर्वेशनल बिहेवियर का प्रश्नपत्र दिया गया। इसकी पढ़ाई उन्हें नहीं करवाई गई थी। यह विश्व विद्यालय के विभागीय शिक्षकों की गलती थी। इसकी वजह से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों से पूरक परीक्षा देने के लिए कहा जा रहा है, जबकि गलती उनकी नहीं है। महाकौशल विधि छात्र संघ के अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने इसे विश्वविद्यालय की गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और छात्रों को जनरल प्रमोशन देने की मांग की।