हरदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम ऊंचान निवासी 21 वर्षीय अभिषेक की शादी 19 अप्रैल को तय थी, लेकिन उससे पहले ही एक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपनी मां के साथ शादी की तैयारियों के लिए हरदा बाजार गया था। खरीदारी करने के बाद दोनों देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम मांगरूल के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- दरवाजे के सामने बैठी वृद्धा को कार ने रौंदा, मौत; वो रोकने के लिए हाथ देती रही पर चालक नहीं रुका
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने अभिषेक और उसकी मां को मृत घोषित कर दिया, जबकि साथ में बैठा उसका भांजा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एएसआई देवकरण उइके ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बुधवार सुबह दोनों मृतकों का हरदा जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।