गुना जिले की पर्यटन नगरी बजरंगगढ़ में एक 32 वर्षीय युवक की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। मृतक का धड़ उसके घर में मिला, जबकि सिर गांव के एक मंदिर के पास मिला है। एक हाथ का पंजा पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार बजरंगगढ़ का रहने वाला रघुवीर अहिरवार अपने घर में अकेला रहता था। वह लंबे समय से अपने परिजनों के संपर्क में नहीं था। रघुवीर के बड़े भाई और अन्य रिश्तेदार गुना में ही रहते हैं। शुक्रवार को उसका भतीजा और भांजे उसका हालचाल जानने के लिए उसके घर पहुंचे।
जैसे ही उन्होंने घर के अंदर रघुवीर का धड़ देखा, वे सन्न रह गए। घटना की सूचना तुरंत बजरंगगढ़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रघुवीर के सिर की तलाश शुरू की। उसका सिर घर से लगभग 200 मीटर दूर एक मंदिर के पास से बरामद हुआ।
10 साल से अकेले रह रहा था रघुवीर
मृतक के परिजनों ने बताया कि रघुवीर पिछले कई साल से अकेला रह रहा था। 10 साल पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था, उसके कोई संतान भी नहीं थी। एक दिन पहले उसके बड़े भाई वीरेंद्र अहिरवार को रघुवीर के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। इसी कारण उसका भतीजा और भांजा उससे मिलने पहुंचे थे, तब जाकर इस वीभत्स हत्या का खुलासा हुआ।
आरोपियों का पता लगाने में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे बजरंगगढ़ कस्बे में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतक का धड़ और सिर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।