फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna: सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में बैठे कांग्रेस पार्षद, बेशरम के पौधे दिखाकर कहा- शर्म करो सरकार

Sun, 11 Aug 2024 08:39 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज करने वाली भाजपा की पांचों उंगलियां घी में हैं, लेकिन केंद्र और प्रदेश में एकतरफा राज करने वाली भाजपा सरकार नगरीय निकायों के हालत से वाकिफ नहीं है। क्योंकि कई जगहों पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष और पार्षदों का दबदबा है, ऐसे में जहां कांग्रेस थोड़ी बहुत मजबूत है वहां वो विपक्ष की भूमिका निभा रही है। कुछ ऐसी ही भूमिका गुना नगर पालिका के विरुद्ध रविवार को देखने को मिली है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी शासित गुना नगरपालिका क्षेत्र में विपक्षी दल कांग्रेस पार्षदों ने सड़कों की जर्जर हालत की ओर प्रशासन और नगरीय निकाय का ध्यान आकर्षित कराने के लिए अनोखा प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार जनता से वोट लेना तो जानती है, लेकिन उनकी मूलभूत सुविधाओं तक का ध्यान नहीं रखा जाता है। पार्टी ने मतदाताओं, खासकर महिलाओं को प्रलोभन देने वाली योजनाओं के प्रति सचेत करते हुए 1200 में जाओगे तो ऐसी ही जर्जर सड़कें पाओगे का नारा भी दिया।

नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ के नेतृत्व में जयस्तम्भ चौराहा और एबी रोड क्षेत्र में किए गए प्रदर्शन के दौरान विपक्षी पार्षद जर्जर सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीचों-बीच बैठ गए। साथ ही गड्ढों में बेशर्म के पेड़ रखकर नगरपालिका और भाजपा की प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस पार्षदों के मुताबिक नगर पालिका और प्रदेश सरकार की बेशर्मी का नतीजा है कि जनता परेशान हो रही है, लेकिन उन्हें सड़कों के गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं।

गौरतलब है कि शहर में इन दिनों भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे गड्ढों में पानी भर गया है। कई जगह कीचड़ होने की वजह से स्कूली बच्चे और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। शहर के अधिकांश गली-मोहल्लों में गड्ढे हैं, जो आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष को दिखाई नहीं देते हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि परिषद का गठन हुए दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक नगर पालिका अध्यक्ष ने जर्जर सड़कों का जायजा तक नहीं लिया। जिससे पता चल सके कि कहां-कहां नागरिकों को परेशानी हो रही है। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के नागरिकों से आव्हान किया कि प्रलोभन से दूर रहकर ऐसी सरकार बनाएं जो लोगों को न्याय और संसाधन उपलब्ध करा सकें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें