गणेशपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मंगलवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और आईजी अरविंद कुमार सक्सेना खुद गणेशपुरा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले।
मंत्री तोमर ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अन्याय और अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, सरकार ने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच तेजी से जारी है। अन्य आरोपियों की तलाश में चार टीमें लगातार लगी हुई हैं।