फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP के बागेरी में खाद संकट पर बवाल: सर्वर फेल होने से भड़के किसान, किया चक्काजाम; टोकन वाले किसान लौटे खाली हाथ

Mon, 11 May 2026 03:00 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

खरीफ सीजन में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का धैर्य सोमवार को बमोरी क्षेत्र के बागेरी स्थित डबल लॉक केंद्र पर टूट गया। सर्वर डाउन होने के कारण खाद वितरण पूरी तरह ठप हो गया, जबकि बड़ी संख्या में किसान उसी दिन के वैध टोकन के साथ केंद्र पर पहुंचे थे। टोकन एक्सपायर होने की आशंका से नाराज किसानों ने गुना–बमोरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस और तहसीलदार के हस्तक्षेप तथा लिखित आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। जिले में इस वर्ष खाद वितरण पूरी तरह ऑनलाइन प्रणाली से किया जा रहा है। किसानों को पोर्टल पर स्वयं टोकन जनरेट कर निर्धारित तिथि पर खाद प्राप्त करनी होती है। लेकिन जमीनी स्तर पर बार-बार सर्वर डाउन और तकनीकी खराबियों के कारण स्थिति बिगड़ रही है। कई किसान घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। सोमवार सुबह बागेरी केंद्र पर पहुंचे किसानों के मोबाइल में उसी दिन के टोकन थे, लेकिन सर्वर खराब होने के कारण वितरण शुरू नहीं हो सका। इससे आक्रोशित किसानों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

पढ़ें: उज्जैन दर्शन कर लौट रहे गुजरात के युवकों की कार पलटी, एक की मौत; दो लोग हुए घायल मौके पर पहुंचे बमोरी पुलिस और तहसीलदार ने किसानों को समझाइश दी। किसानों की मांग पर प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया कि सोमवार के सभी टोकन मंगलवार को भी मान्य रहेंगे और प्राथमिकता से खाद वितरित की जाएगी। इसके बाद जाम समाप्त हो गया। वहीं, बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल ने कहा कि बागेरी डबल लॉक केंद्र पर हर वर्ष अनियमितताएं सामने आती हैं। किसानों को दूर-दराज के केंद्रों पर खाद लेने भेजा जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से किसानों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कृषि विभाग से बात की, जिसके बाद आश्वासन मिला कि जिन किसानों के टोकन आज एक्सपायर हो रहे हैं, उन्हें कल हर हाल में खाद उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने बताया कि उनके हस्तक्षेप के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें