मध्यप्रदेश के गुना जिले के मधुसूदनगढ़ कस्बे में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात तीन बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मकान मालिक को बांधकर करीब सात से 8 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए हैं।
जानकारी सामने आई है कि मधुसूदनगढ़ में गुना बाईपास ओवरब्रिज के पास निवास करने वाले हरिओम साहू के मकान में बीती रात दो से तीन बजे के लगभग तीन अज्ञात बदमाश खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए, इसके बाद बदमाशों ने मकान मालिक हरिओम साहू के गले पर चाकू रखा और उसे रस्सियों से बांधकर नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। हरिओम साहू की आंख खुली तब तक घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और कुछ नकदी गायब थे। हरिओम ने पूरी वारदात की जानकारी मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस को दी है। शुरुआत पड़ताल में सामने आया है कि जिस समय वारदात को अंजाम दिया था। उसी दौरान घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर पुलिस टीम गश्त दे रही थी। हालांकि बदमाश गश्ती दल को नजर नहीं आए हैं। फरियादी हरिओम की शिकायत पर मधुसूदनगढ़ पुलिस ने मौका मुआयना किया है और वारदात की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि गुना जिले में लूट और डकैती का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इसके पूर्व में भी और भी मामले सामने आ चुके हैं। इसके विरोध ने गुना जिले की राघौगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह आमजनों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा चुके हैं। उसके बावजूद डकैतों के हौसले बुलंद हैं और वे आसानी से डकैती की घटना को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं।