गुना जिले में हुई बिन मौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ा दी हैं। रविवार देर रात से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने खेतों में रखी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। खासतौर पर म्याना और जमरा गांव क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में किसानों की कटाई के बाद खेतों में रखी मक्का की फसल पानी में भीग गई है। कई खेतों में तो फसल पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- गिरफ्त में आतंकी: ISIS के लिए सोशल मीडिया चलाता था सैय्यद अदनान, भड़काऊ वीडियो डालकर भटका रहा था युवाओं को
सुबह होते ही किसान अपनी भीगी फसल को बचाने के लिए खेतों में उतर पड़े। वे ट्रैक्टर-ट्रालियों में मक्के के भुट्टे भरते और धूप की तलाश में उन्हें सुखाने की कोशिश करते नजर आए। कई जगहों पर किसानों ने सड़क किनारे और खुले मैदानों में अस्थायी तौर पर मक्के के भुट्टे फैलाए ताकि उन्हें नमी से बचाया जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें किसान परिवार पानी में भीगी फसल निकालते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश ने सब गड़बड़ कर दिया। मौसम विभाग ने आज के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।