मध्यप्रदेश के गुना जिले के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में वन विभाग ने अपनी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। वन विभाग के अमले ने ग्रामीणों द्वारा बोई गई फसल पर जेसीबी चलाकर उसे नष्ट कर दिया।
बता दें, गुना जिले के बमौरी ब्लॉक के फतेहगढ़ परिक्षेत्र में वन विभाग द्वारा अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान फसल पर जेसीबी चला दी गई। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है, और उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत करने की बात कही है।
जानकारी मिली है कि वन परिक्षेत्र फतेहगढ़ ग्राम पंचायत कांसल के मजरा टोला देवरी में वन विभाग का अमला अपनी जेसीबी लेकर पहुंचा था। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों ने बिना सूचना दिए धावा बोल दिया और उनके द्वारा हाल ही में बोई गई सरसों की फसल को नष्ट कर दिया। ग्रामीण मिन्नतें करते रहे, लेकिन सुनवाई की बजाय वन विभाग के अधिकारियों ने लाठीचार्ज की चेतावनी दे डाली।
इस घटनाक्रम की जानकारी सामने आने पर एकता परिषद सहित कई आदिवासी-सहरिया संगठनों ने ग्रामीणों से संपर्क किया और आंदोलन की रणनीति बनाई। निर्णय लिया गया है कि मंगलवार को सभी ग्रामीण एकत्र होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे, जहां वन विभाग के अधिकारियों की शिकायत की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि जिस जमीन से अतिक्रमण के नाम पर उन्हें बेदखल किया गया है, उस पर वे अपने पूर्वजों के जमाने से काबिज हैं। लेकिन विभाग द्वारा उनकी एक नहीं सुनी गई और बर्बरतापूर्ण तरीके से मेहनत से बोई गई फसल को उजाड़ दिया गया।