फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna News: दो दिन लाइन में खड़े होने के बाद नहीं मिली डीएपी, किसानों का गुस्सा फूटा, सड़क पर लगाया जाम

Fri, 22 Nov 2024 10:11 AM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

डीएपी खाद के लिए जिलेभर में हाहाकार मचा हुआ है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के तमाम दावों के बावजूद किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है। आक्रोशित किसानों का सब्र गुरुवार को उस समय टूट गया जब नानाखेड़ी मंडी में डेढ़ दिन तक कतार में खड़े होने के बावजूद खाली हाथ लौटने की नौबत आ गई। इससे गुस्साए किसानों ने नानाखेड़ी मंडी के बाहर चक्काजाम कर दिया, नाराज किसानों को सड़क से हटाने में प्रशासन के भी पसीने छूट गए।

दरअसल, जिले में डीएपी खाद की दो से तीन रैक आने की खबर मिलते ही नानाखेड़ी मंडी में रविवार से ही किसानों का हुजूम लग गया। भीड़ के कारण वितरण केंद्र के बाहर जमकर धक्का-मुक्की हो रही थी। दो से तीन दिनों तक खाद के लिए इंतजार कर रहे किसानों को गुरुवार तक डीएपी उपलब्ध नहीं हुआ तो उन्होंने नारेबाजी करते हुए मंडी के बाहर नानाखेड़ी और हनुमान चौराहा जाने वाले रास्ते को चक्काजाम कर दिया।

इस दौरान किसानों को समझाइश देने आईं एक महिला अधिकारी से महिला किसानों ने बहस की और खाद की कालाबाजारी करने के आरोप लगाए। महिला किसानों ने अधिकारी से यहां तक कह दिया कि अधिकारी तो नौकरी करके अपना घर चला लेंगे, लेकिन किसानों का भरण पोषण कैसे होगा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

किसानों को समझाइश देने के लिए तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा पुलिस बल के साथ पहुंचे और काफी देर तक चली बहस के बाद जाम खुलवाया गया। इसके अलावा गुना जिले के बागेरी और भौंरा वितरण केंद्र पर जमकर धक्का-मुक्की हुई। खास बात यह है कि एक दिन पहले जिले के सबसे बड़े वितरण केंद्र नानाखेड़ी पर पहुंचे कलेक्टर डॉक्टर सत्येंद्र सिंह द्वारा बदली गई व्यवस्थाएं भी काम नहीं आईं। आखिरकार किसानों का सब्र जवाब दे रहा है। इसके अलावा गुना जिले के नेशनल हाईवे स्थित ग्राम पेंची में भी चक्का जाम की खबर सामने आई है। पेंची चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा का गृह ग्राम भी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें