मध्यप्रदेश के गुना जिले के अंतर्गत आने वाले मृगवास में पूर्व में जहां अज्ञात आरोपी शिवलिंग को खंडित कर चुराकर ले गए थे, वही मंगलवार की रात असामाजिक तत्वों ने बालाजी की प्रतिमा की आंखों पर गंदगी लगा दी। इसके पश्चात से ही ग्रामीणों में नाराजगी है, वही बुधवार को भी लोगों का प्रदर्शन जारी रहा और बाजार भी बंद रहे।
जानकारी के मुताबिक गुना जिले के मृगवास कस्बे में असामाजिक तत्वों द्वारा बेहद आपत्तिजनक करतूत को अंजाम दिया गया है। कस्बे में स्थित हनुमान जी के मंदिर पर मैला फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है, इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही कस्बे में आक्रोश पनप गया और लोग एकत्रित होकर पुलिस थाना परिसर पहुंच गए,और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
समझाइश देने पहुंचे तहसीलदार से भी बात करने के प्रस्ताव को नकार दिया गया, बताया जा रहा है कि 3 नवम्बर से लेकर अब तक मृगवास कस्बे में धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने या अपवित्र करने का यह तीसरा मामला सामने आया है। इससे पहले शिव मंदिर में बदमाशों द्वारा शिवलिंग तोड़ दिया गया था और बाद में तेजाजी महाराज के मंदिर में भी नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई थी। अब हनुमानजी की प्रतिमा पर मैला फेंंकने की घटना के बाद लोगों ने पुलिस को निशाने पर लिया है। आरोप है कि अगर पहली ही घटना के बाद पुलिस कार्रवाई करती तो असामाजिक तत्वों के हौंसले बुलंद नहीं होते। इस मामले में सनातन धर्म समिति मृगवास ने पुलिस को ज्ञापन दिया है। वहीं घटना के विरोध में बुधवार को भी कस्बे के बाजार बंद रहे।
स्थानीय लोगो के मुताबिक,मृगवास कस्बे में असमाजिक तत्वों के द्वारा जानबूझकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है,ताकि नगर में अशांति फैले। पुलिस को इस मामले की फोरेंसिक जांच करवाना चाहिए ताकि असल आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस ने उक्त मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रक्रम दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की है,और टीम बनाकर आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात की जा रही है।