मध्यप्रदेश के गुना जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सुबह के वक्त शौच के लिए गई एक महिला पर शौचालय की दीवार गिर गई, जिससे वो गंभीर घायल हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आपको बता दें भले ही पीएम आवास और पक्के शौचालय निर्माण के सरकारों द्वारा लाख दावे किए जाते हों, लेकिन आज भी काफी लोग न केवल इससे वंचित हैं बल्कि गांव देहात तो छोड़िए बड़े शहरों तक मे स्थिति यह है कि हजारों की संख्या में लोग पीएम आवास और पक्के शौचालय निर्माण के लिए आवेदन हाथ मे लिए नगरपालिका तहसील और कलेक्ट्रेट के चक्कर लगाते भटक रहे हैं। पक्का शौचालय न होने के कारण किसी की मौत भी हो सकती है, इसका ताजा मामला गुना में देखने मिला है।
गुना शहर के तलैया मोहल्ला क्षेत्र में बुधवार सुबह एक शौचालय की दीवार गिर गई, जिसमें 50 वर्षीय महिला दबकर घायल हो गई, जिसने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी सामने आई है कि वार्ड क्रमांक 11 में छिंगा चौराहा के समीप तलैया मोहल्ला निवासी वेदवती राठौर सुबह 6.30 बजे नित्यक्रिया के लिए शौचालय गई हुई थीं। कुछ देर बाद लोगों ने दीवार गिरने की आवाज सुनी। मौके पर देखा तो पता चला कि कच्ची मिट्टी और ईंटों से बनी दीवार के नीचे वेदवती राठौर दब चुकी हैं। उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि वेदवती राठौर के नाक और सिर से खून बहने लगा था, जिसकी वजह से कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।