फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna News: रिटायर्ड बैंक कैशियर के घर में डकैती, बदमाशों ने आधी रात बोला धावा, लाखों का माल ले गए

Wed, 04 Dec 2024 01:58 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

गुना में एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने रिटायर बैंक कैशियर के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार तड़के 3 बजे 4 मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक दर्जन बदमाश सकतपुर रोड पर स्थित सेवानिवृत्त बैंक कैशियर पार सिंह कुशवाह के घर में घुस गए। दो बदमाशों ने घर के परिसर में सो रही पार सिंह की पत्नी मुन्नीबाई की कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया। उनके गले से मंगलसूत्र, बाली और पायल उतरवाते हुए चुपचाप खड़े रहने की चेतावनी दी। इसके बाद बदमाश कमरों में घुस गए। उन्होंने पूरे घर की जमकर तलाशी ली और अलमारी के ताले तोड़ दिए। इस दौरान एक बैग उनके हाथ लग गया, जिसमें कुछ रुपए और जेवर रखे हुए थे। 

बदमाश लाखों के आभूषण और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग रहे थे। इसी दौरान छत पर सो रहे पार सिंह के बेटे लखन ने नीचे आकर उनका पीछा करने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश ने लखन पर फायर कर दिया। गोली के छर्रे घर के परिसर में स्थित दुकान की शटर पर लगे। गनीमत यह रही कि बदमाशों द्वारा फायर करते ही लखन नीचे बैठ गए, नहीं तो गोली उनके सिर में लग सकती थी।

घटना से भयभीत परिवार ने तुरंत डायल-100 को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को कोतवाली आकर एफआईआर दर्ज कराने की सलाह देकर लौट गई। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के लिए संपर्क किया था, लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि बदमाशों की बातचीत से वे पारदी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले लग रहे थे। बताया जा रहा है कि पुलिस बदमाशों की लोकेशन के आधार पर उन्हें ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें