वन भूमि के पुराने विवाद ने रविवार को गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वारखेड़ा गांव में हिंसा का रूप ले लिया। दो पक्ष आमने-सामने आए तो लाठी-डंडे चल गए, पथराव हुआ और घर के गेट तक तोड़फोड़ की नौबत आ गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद पूरे गांव में देर शाम तक तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस के अनुसार विवाद की जड़ कुछ दिन पहले करमदी गांव के वन विभाग से जुड़े एक चौकीदार और ग्वारखेड़ा के मान सिंह नामक व्यक्ति के बीच हुई बहस थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते चौकीदार पक्ष के लोग ग्वारखेड़ा पहुंचे और मान सिंह पर हमला किया। बीच-बचाव में मान सिंह के परिजनों ने भी जवाबी मारपीट की।
पहले दौर की मारपीट में घायल चौकीदार को बमोरी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल गुना रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- नितिन नवीन की नई टीम: मध्य प्रदेश से छह नेताओं को मिली जगह, एमपी से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ भी टीम में शामिल
जैसे ही घायल के परिजनों को घटना की जानकारी मिली, आरोप है कि 4-5 बाइकों पर सवार होकर वे ग्वारखेड़ा पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाथों में डंडे लिए लोग सीधे मान सिंह के घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। गेट पर तोड़फोड़ की गई। इसी दौरान घर के भीतर से महिलाओं और बच्चों ने पत्थर फेंककर हमलावरों को रोकने की कोशिश की। वायरल वीडियो में भी कुछ लोग गेट पर देर तक डंडे बरसाते दिख रहे हैं। हंगामा बढ़ता देख आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और बाहरी लोगों को गांव से खदेड़ दिया। भागदौड़ में कुछ लोग अपनी बाइकें भी छोड़कर भागे। दोनों तरफ से हुई मारपीट और पथराव में कई लोग चोटिल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की सही संख्या और चोटों की गंभीरता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। सूचना मिलते ही बमोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को काबू में कर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।
बमोरी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन बनाई जा रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई, मौके पर कौन-कौन मौजूद था और किसने क्या किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान कर रही है। घटना के बाद ग्वारखेड़ा में पुलिस बल तैनात किया गया है।