फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dindori News: डिंडौरी में भारी बारिश से बिगड़े हालात, खरमेर नदी उफान पर; कई पुल-पुलिया डूबे

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डिंडौरी Updated Thu, 20 Aug 2026 03:53 PM IST

डिंडोरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। समनापुर और अमरपुर क्षेत्र में खरमेर नदी उफान पर है। समनापुर से बिछिया और धनवासी होते हुए अमरपुर जाने वाले मार्गों पर बने कई पुल बाढ़ के पानी में डूब गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।

समनापुर जनपद मुख्यालय के पास खरमेर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण पुल डूबने की स्थिति में है। सड़क के दोनों ओर यात्री फंसे हुए हैं और जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे हैं। बाढ़ के कारण जनपद मुख्यालय का कई ग्रामीण क्षेत्रों से संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे लोग
बाढ़ के बीच समनापुर क्षेत्र से लापरवाही की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पानी में डूबे पुल को कुछ वाहन चालक तेज बहाव के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर पार करते नजर आए। पुल के दूसरी ओर पुलिसकर्मी तैनात हैं और लोगों को लगातार पुल पार करने से रोक रहे हैं, लेकिन चेतावनी के बावजूद कुछ लोग खतरा मोल ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से उफनती नदियों और डूबे पुलों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है। लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बारिश में जलभराव से स्विमिंग पूल बना गौरिहार बस स्टैंड, दुकानों में घुसा पानी, जनजीवन अस्त-व्यस्त

स्कूलों में एक दिन का अवकाश
लगातार बारिश और बिगड़ते हालात को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ नर्मदा सहित जिले की अन्य नदियों और नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नहीं जाने और प्रशासन की चेतावनी का पालन करने की अपील की है।

24 घंटे में कई इलाकों में भारी बारिश
विभागीय आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में डिंडोरी जिले में सबसे ज्यादा 6 इंच बारिश दर्ज की गई है। अमरपुर में 3 इंच, समनापुर में 4 इंच, बजाग में 4 इंच, करंजिया में ढाई इंच और मेहदवानी में 3 इंच बारिश हुई है। शहपुरा में करीब 1 इंच बारिश दर्ज की गई। जिले में कुल औसत करीब साढ़े तीन इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है।लगातार बारिश के कारण नर्मदा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें