फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dindori News: डिंडौरी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का दौरा, भाजपा पर जमकर साधा निशाना

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डिंडौरी Updated Wed, 28 May 2025 10:16 PM IST

बुधवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी डिंडौरी के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम, शाहपुरा के पूर्व विधायक भूपेंद्र मरावी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक पड़वार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डिंडौरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, जब पूरा देश आपके साथ खड़ा है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप की बात क्यों मानी? क्या हमारे देश की जनता से ज्यादा अहमियत अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति की है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विदेशियों के इशारों पर चल रही है, जो देश की संप्रभुता और स्वाभिमान के खिलाफ है।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और करती रहेगी। उन्होंने भाजपा पर जनता को गुमराह करने और झूठे वादों की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है। उनके वादे केवल चुनाव जीतने तक ही सीमित रहते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही होती है।

ये भी पढ़ें- PCC चीफ के भाइयों पर हुई FIR,पुलिस मुख्यालय पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, बोले-FIR द्वेष की भावना से प्रेरित

सभा के दौरान जीतू पटवारी ने कांग्रेस के आगामी रणनीतियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को समझें और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी 31 मई को करेंगे क्षिप्रा नदी पर 778 करोड़ के घाट निर्माण कार्यों का वर्चुअल भूमि-पूजन

कार्यक्रम के समापन के बाद जीतू पटवारी मीडिया से भी मुखातिब हुए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि आज देश महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इनसे निपटने में पूरी तरह विफल रही है। डिंडौरी दौरे को लेकर कांग्रेस खेमे में खासा उत्साह देखा गया। इसे आगामी चुनावों के मद्देनज़र पार्टी के सघन जनसंपर्क अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पटवारी के दौरे ने कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा भरने का काम किया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें