धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में शुक्रवार सुबह रेलवे पुल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भारी पिलर चढ़ाने के दौरान एक विशाल क्रेन असंतुलित होकर सर्विस रोड पर गिर गई। क्रेन की चपेट में आने से एक पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-सड़क हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने एनएच-30 किया जाम, सड़क सुरक्षा की उठाई मांग
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, एएसपी पारुल बेलापुरकर, एसडीएम राहुल गुप्ता व सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे ने राहत-बचाव कार्य की कमान संभाली। दो अन्य क्रेन की मदद से गिरी हुई क्रेन को हटाया गया और पिकअप को बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मृतकों के शव फोरलेन पर रखकर महू-नीमच मार्ग जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों परेशान रहे। परिजनों ने उचित मुआवजा और मृतकों के परिजन को नौकरी देने की मांग की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समझाइश देकर 12-12 लाख रुपये मुआवजा और ठेकेदार कंपनी में एक-एक परिजन को नौकरी देने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।