फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dhar News: भोजशाला सत्याग्रह में पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु, बसंत पंचमी पर पूजा व नमाज बने प्रशासन के लिए चुनौती

Tue, 20 Jan 2026 04:23 PM IST
धार ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धार

धार की ऐतिहासिक भोजशाला में आज आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रति मंगलवार को होने वाले नियमित सत्याग्रह के तहत हवन, पूजन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 2500 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

सुबह करीब 9 बजे शुरू हुए सत्याग्रह में मां सरस्वती का पूजन-वंदन, हनुमान चालीसा का पाठ एवं मां वाग्देवी की आरती की गई। इस दौरान भोजशाला परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर बसंत पंचमी पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक होने वाली अखंड पूजा के संकल्प को दोहराया।

23 जनवरी शुक्रवार को बसंत पंचमी होने के चलते बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग भोजशाला की मुक्ति और मां वाग्देवी सरस्वती की पुनर्स्थापना के संकल्प के साथ सत्याग्रह में शामिल हुए। भोजशाला पहुंचे श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 से भोजशाला के गर्भगृह में यह सत्याग्रह लगातार जारी है।

ये भी पढ़ें: अशोकनगर जिला अस्पताल में शर्मनाक तस्वीर: मेटरनिटी वार्ड की गैलरी में जमीन पर हुआ प्रसव, सिस्टम हुआ बेनकाब

आज के सत्याग्रह में विशेष रूप से आगरोद, जिला देवास से पंचमुखी धाम के महंत कृष्ण गोपाल दासजी महाराज तथा बलाई समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार, इंदौर उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने भोजशाला परिसर का भ्रमण किया और सत्याग्रह में शामिल होकर मां वाग्देवी का पूजन-अर्चन किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी के धार जिला अध्यक्ष निलेश भारती भी अपने समर्थकों के साथ सत्याग्रह में शामिल हुए और बसंत पंचमी पर पूजन एवं धर्मसभा में शामिल होने की बात कही।

श्रद्धालुओं का कहना है कि 23 जनवरी शुक्रवार को मां वाग्देवी की अखंड पूजा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ी है और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इस विश्वास को और अधिक मजबूत किया है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से हिंदू समाज की भावनाओं को समझते हुए अखंड पूजा की अनुमति देने की मांग की है।

दूसरी ओर बसंत पंचमी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रैपिड एक्शन फोर्स, सीआरपीएफ सहित विभिन्न कंपनियों के लगभग 8000 से अधिक पुलिस बल को बाहर से बुलाया गया है, जिन्हें जिले भर में तैनात किया जाएगा। आज भी सुरक्षा की दृष्टि से भोजशाला परिसर के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहे। वहीं शहर के संवेदनशील क्षेत्रों सहित अन्य स्थानों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें