देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 से अधिक गुम मोबाइल फोन खोज निकाले हैं। इन फोनों को असली मालिकों को वापस भी लौटा दिया है। इन मोबाइलों की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के अनुसार गुम मोबाइल की शिकायतें मिल रही थीं। इनको मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम और तकनीकी सहायता से खोजा गया है। इसमें मोबाइल ट्रैकिंग टीम (लिंक्डर) की बड़ी भूमिका रही है। कई मोबाइल फोन अन्य जिलों और राज्यों से भी बरामद किए गए हैं। मोबाइल पाकर लोग बेहद खुश नजर आए और देवास पुलिस का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें-घर से घूमने का कहकर निकले युवक का मिला शव, परिजनों को संदेह उसके साथ हुआ है कोई हादसा
इस मौके पर एसपी पुनीत गेहलोत ने कहा कि खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने से नागरिकों को बड़ी राहत मिलती है। हम चाहते हैं कि हर गुम मोबाइल फोन अपने असली मालिक तक पहुंचे।लोगों को साइबर अपराधों से भी बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी शेयरिंग और सोशल मीडिया के ज़रिए होने वाले धोखाधड़ी से बचें। देवास पुलिस की इस पहल की शहर भर में सराहना हो रही है। गुम मोबाइल लौटाने की इस कार्रवाई ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया है। पुलिस ने मोबाइल धारकों से यह अपील भी की है कि वह अपने मोबाइल की हिफाजत करें। इसके गुम हो जाने पर स्थानीय पुलिस को सूचना भी दें क्योंकि आज के जीवन में मोबाइल का बहुत महत्व है। हर छोटी बड़ी चीज मोबाइल के माध्यम से मंगाई जाती है। वहीं मोबाइल के द्वारा कई आवश्यक कार्य भी किए जाते हैं।