फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Datia News: कलेक्टर बंगले पहुंचे साधु-संत, भाजपा पार्षदों पर लगाए गंभीर आरोप, जानें मामला

Sat, 03 Jan 2026 08:03 PM IST
दतिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दतिया शहर के वार्ड क्रमांक-12 में शासकीय और आश्रम की भूमि पर अतिक्रमण को लेकर शनिवार को विवाद गहराता नजर आया। साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों ने भाजपा पार्षद बृजेश दुबे और दीपू यादव पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कलेक्टर बंगले पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और सख्त कार्रवाई की मांग की। साधु-संतों का कहना है कि वार्ड क्रमांक-12 में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के समय शासन की भूमि पर शंकर भगवान सहित अन्य देवी-देवताओं के प्राचीन मंदिर बनाए गए थे। इन मंदिरों का निर्माण उस समय के पटवारी की देखरेख में कराया गया था और तब से यहां नियमित पूजा-पाठ होता आ रहा है। इसी परिसर में आश्रम भी संचालित है, जहां वर्षों से बेसहारा गौवंश की देखभाल की जा रही है। आरोप लगाया गया कि आश्रम से लगी शासकीय भूमि पर कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा जेसीबी चलवाकर जमीन समतल की जा रही है और अवैध रूप से प्लॉट काटने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान आश्रम की बाड़ भी तोड़ दी गई, जिससे कड़ाके की ठंड में गौवंश सड़क पर भटकने को मजबूर हो गया।

ये भी पढ़ें- Indore Diarrhea Outbreak: भागीरथपुरा में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, तीन थानों की पुलिस ने संभाली स्थिति

साधु-संतों और स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं। आरोप है कि आरोपी खुद को सत्ताधारी दल का जनप्रतिनिधि बताकर दबाव बना रहे हैं और नगर पालिका क्षेत्र का हवाला देकर कार्रवाई से बचने की बात कह रहे हैं। बताया गया कि संबंधित आश्रम 29वीं वाहिनी बटालियन के सामने, गड़रिया की चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित है। क्षेत्र की जमीन की कीमत अधिक होने के कारण यहां अतिक्रमण का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से साधु-संतों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय और आश्रम की भूमि को तत्काल अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें