दमोह शहर में कोतवाली पुलिस द्वारा शुक्रवार की दोपहर पान, गुटखा की दुकानों पर दबिश दी गई। जहां से बड़ी मात्रा में सूखे नशे की सामग्री बरामद की गई। यह सामग्री देखकर पुलिस भी हैरान रह गई, क्योंकि सबसे अधिक युवाओं द्वारा इस नशे का उपयोग किया जा रहा है।
सीएसपी एचआर पांडे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका द्वारा यह कार्रवाई की गई थी। जिसमें इस नशे की सामग्री को जब्त कर करीब 40 हजार रुपए से अधिक का चालान किया गया। एडिशनल एसपी भी इस दौरान कार्रवाई में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अब यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शहर में कहीं भी नशे की सामग्री मिलती है तो उसे जब्त कर दुकानदार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें शहर की एक्सीलेंस स्कूल के समीप दो दिन पहले बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ के पैकेट मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और शुक्रवार को जबलपुर नाका पहुंचकर पान की दुकानों पर दबिश दी गई। जहां से गोगो पाउडर, नशे में उपयोग होने वाला कागज, अमानक सिगरेट यहां पर मिले। जिस पर शरीर को नुकसान से संबंधित कोई वैधानिक चेतावनी नहीं लिखी थी। सभी सामग्री को जब्त किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में पान की दुकानों पर चालान किया गया। साथ ही दोनों ही दुकानदारों को पकड़कर कोतवाली लाया गया।
ये भी पढ़ें- गौहरगंज दुष्कर्म: मासूम से दरिंदगी के आरोपी का पुलिस ने किया शॉर्ट एनकाउंटर, हिरासत में भागने की कोशिश की
इसके बाद पुलिस अमला किल्लाई नाका पर पहुंचा। यहां भी तीन दुकानों पर नशे में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की गई और दुकानदारों से चालान वसूला गया। इसके बाद जैसे ही पुलिस ने पीजी कॉलेज के समीप किराने की दुकान पर छापा मारा तो यहां पर नशे में उपयोग होने वाला कागज मिला। साथ ही किराने की दुकान की आड़ में यहां अवैध शराब भी बेची जा रही थी। पुलिस ने छानबीन करते हुए अवैध शराब के 32 पाव बरामद किए। दुकानदार मिर्ची सिंधी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले जाया गया।
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि दो दिन पहले यह मामला प्रकाश में आया था कि युवा बहुत अधिक मात्रा में सूखे नशे का उपयोग कर रहे हैं। एक्सीलेंस स्कूल के समीप नशीले पदार्थ के खाली पैकेट मिलने की जानकारी उनके पास आई थी। उन्होंने तत्काल ही सीएसपी और कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई है और पान दुकानों पर दबिश देकर नशे की सामग्री बरामद की गई है। दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई भी की गई है। इसके बावजूद यदि यह दुकानदार नशे की सामग्री बेचते हैं तो अब इनके ऊपर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।