दमोह जिले सहित बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र बांदकपुर में विराजमान भगवान जागेश्वरनाथ को सोमवार को हल्दी चढ़ाई गई। इस दिन प्रदेशभर से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान को हल्दी का लेपन किया। बुधवार की रात महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती का धूमधाम से विवाह संपन्न होगा। दिन में शहर के विभिन्न स्थानों से भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली जाएगी और रात में जोगेश्वरधाम बांदकपुर में शिव-पार्वती विवाह संपन्न होगा। इस पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए मंदिर पहुंचे।
महिलाओं ने किया हल्दी लेपन
सोमवार को भगवान जागेश्वरनाथ जी को हल्दी चढ़ाई गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु बांदकपुर पहुंचे और भोलेनाथ को हल्दी का लेपन किया। जैसे विवाह से पूर्व दूल्हे को हल्दी लगाई जाती है, उसी प्रकार श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान जागेश्वरनाथ जी को हल्दी अर्पित की। इस दौरान महिलाएं बधाई गीत गाकर उत्सव का माहौल बना रही थीं।
महाशिवरात्रि पर धूमधाम से निकलेगी बारात
दमोह सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रसिद्ध जागेश्वरधाम बांदकपुर में महाशिवरात्रि का पर्व 26 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। दिन में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकलेगी और रात को शिव-पार्वती विवाह विधि-विधान से संपन्न होगा। कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है और उनके स्वागत के लिए जगह-जगह जलपान एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। कांवड़िए बरमानघाट से नर्मदा जल लेकर भगवान को अर्पित करने के लिए आ रहे हैं।
मंदिरों में विशेष तैयारियां
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तीर्थ क्षेत्र जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर के अलावा शहर के जटाशंकर धाम, मड़कोलेश्वर धाम, बड़ी देवी मंदिर, शिव-शनि-हनुमान मंदिर, फुटेरा तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर, हटा नगर के गौरीशंकर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिरों को फूल-मालाओं एवं आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। जिलेभर में भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली जाएगी और बांदकपुर धाम में दमोह एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक बारातें पहुंचेंगी।
शिव-पार्वती विवाह की भव्य रस्में
बांदकपुर धाम में भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह पूरी विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। मंदिर के पुजारियों द्वारा समस्त रस्में निभाई जाएंगी। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए लाखों श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्रित होंगे। दूर-दूर से श्रद्धालु इस पावन क्षण के दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं।
प्रशासन द्वारा की गई विशेष व्यवस्थाएं
महाशिवरात्रि पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के बांदकपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मंदिर का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष बेरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इस दौरान एडिशनल एसपी, जिला पंचायत सीईओ, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम आर. एल. बागरी, बांदकपुर मंदिर समिति के अध्यक्ष रामकृपाल पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।