दमोह के अस्पताल में मंगलवार दोपहर एक नवविवाहिता की मौत हो गई। उसको अस्पताल में जहर खाने के बाद भर्ती कराया गया था। मौत के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की । मृतिका के ससुर को चप्पलों से पीटा गया। मायके वाले ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मृतका की मां जानकी देवी ने बताया कि छह महीने पहले जुलाई में वर्षा की शादी बंडा थाना के सिंगरोंन निवासी आकाश अहिरवार से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले बेटी वर्षा को परेशान करने लगे। करीब एक सप्ताह पहले यशोदा अपने चाचा के यहां गढ़ाकोटा में एक शादी समारोह में आई थी। सोमवार को यशोदा के पति आकाश ने फोन कर उसे वापस बुलाया। दोपहर तीन बजे देवर उसे लेने आया और यशोदा ससुराल चली गई। रात आठ बजे परिवार को सूचना मिली कि यशोदा ने जहर खा लिया है और उसकी मौत हो गई है।
मृतका की मां का आरोप है कि यदि यशोदा ने वास्तव में जहर खाया था, तो उन्हें तुरंत सूचित किया जाना चाहिए था। ससुराल वालों ने पथरिया में इलाज कराया, लेकिन परिवार को सूचना नहीं दी। जिला अस्पताल में मौत के बाद ही उन्हें खबर की गई। मां का आरोप है कि यशोदा के पति और चाची ने उसकी हत्या की है। इन पर मामला दर्ज होना चाहिए।
अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। गढ़ाकोटा पुलिस से भी जांच में सहयोग मांगा गया है। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया।मृतका वर्षा अहिरवार के परिजनों ने मंगलवार दोपहर अस्पताल परिसर में ससुर की जूते-चप्पलों से पिटाई कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली पुलिस को बुलाना पड़ा था।