दमोह शहर के घंटाघर के समीप सड़क किनारे फुटकर छोटी-छोटी दुकान लगाने वाले दुकानदारों को प्रशासन द्वारा रविवार दोपहर हटाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया। इसके विरोध में दुकानदारों ने प्रदर्शन कर दिया और दुकानदार सड़क पर लेट गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार सड़क से नहीं हटे। इसके बाद अभी उन्हें यथावत घंटाघर के समीप ही दुकान लगाने के लिए निर्देशित किया गया है। इस दौरान करीब एक घंटे तक घंटाघर के चारों ओर जाम के हालात निर्मित रहे।
बता दें पिछले दोनों कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा एसपी के साथ घंटाघर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। यहां पर छोटे दुकानदार सड़क किनारे मिट्टी की सामग्री की दुकान लगाते हैं जिससे आवागमन में भी परेशानी होती है। दीपावली पर्व पर और भी लोग यहां पर दुकानों का संचालन करते हैं। इसी को देखते हुए इन दुकानदारों को तहसील ग्राउंड में शिफ्ट करने का आदेश किया गया था। रविवार सुबह नगर पालिका का अमला दुकानदारों को हटाने पहुंचा तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी दुकानदारों को हटाने पहुंचे। यह दुकानदार घंटाघर के चारों ओर सड़क पर लेट गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने इन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
दुकानदारों का कहना था कि तीन दिन बाद दीपावली का त्योहार है और अचानक से उन्हें घंटाघर से हटाकर तहसील ग्राउंड भेजा जा रहा है। जहां ग्राहक उनके पास नहीं पहुंचेंगे और वह परिवार के साथ अच्छे से त्यौहार नहीं मना पाएंगे। दुकानदारों की मांग थी कि उन्हें घंटाघर पर ही दुकान है लगाने का आदेश दिया जाए, लेकिन प्रशासन के निर्देश थे कि इन्हें हटाकर अच्छी जगह पर शिफ्ट किया जाए। इसलिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने दुकानदारों को हटाने के लिए कहा, लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं हुई। काफी देर हंगामा के बाद आपसी सहमति बनी और दुकानदारों को घंटाघर के समीप ही दुकान लगाने के लिए कहा गया है, लेकिन आने वाले समय में इन दुकानदारों को यहां से हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान तहसीलदार रॉबिन जैन, नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, टीआई कोतवाली आनंद सिंह, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को के साथ नगर पालिका अमला मौजूद रहा।