दमोह जिले के जबेरा थाना अंतर्गत दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह एक ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा ट्रक उससे टकराकर केबिन में घुस गया। इस हादसे में चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल चालक को रेस्क्यू कर बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से ट्रक क्रमांक यूपी 83 डीटी 5671 सामग्री लेकर कानपुर जा रहा था। जबेरा के समीप ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे आ रहा ट्रक उसमें जा घुसा। इस हादसे में ट्रक चालक शिववीर पिता जगन्नाथ सिंह (28) निवासी उत्तर प्रदेश बुरी तरह घायल होकर केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा ले जाया गया। वहां ड्यूटी डॉक्टर रवि यादव द्वारा घायल का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। यह घटना दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर हुई, जहां अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं। इससे पहले जबलपुर एनएचएआई पर एक ट्रक का पिछला पहिया निकलने से ट्रक पलट गया था। हालांकि, गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह खेत से लौट रहे साइकिल सवार वृद्ध कामलाल पिता जानकी प्रजापति निवासी सेमरा थाना रजपुरा को अज्ञात बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। 108 एंबुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।