फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खौफनाक: मकान में लगी आग में जिंदा जली वृद्धा, तार से बंधा मिला मुंह; बेटे पर आग लगाकर हत्या का आरोप

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह Updated Sun, 05 Apr 2026 10:12 PM IST

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सेहरी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेहरी गांव में शनिवार रविवार की दरमियानी रात एक कच्चे मकान में भीषण आग लगने से 60 वर्षीय वृद्ध महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद जब पुलिस और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर शव बाहर निकाला तो महिला का शव बुरी तरह जला हुआ मिला और उसका मुंह बंधा होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान हल्की बाई (60) पत्नी स्वर्गीय हरिराम यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे संतोष के साथ घर में रहती थी। शनिवार रात करीब 12 बजे अचानक घर से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने ब्यारमा नदी से पाइप डालकर पानी लाकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची।

आग इतनी भीषण थी कि कच्चे मकान का पूरा छप्पर जलकर गिर गया और महिला मलबे में दब गई। जब रविवार को पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और मलबा हटाया गया तो अंदर से महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ।

ये भी पढ़ें- Anuppur Building Collapse: लॉज हादसे में तीन जिंदा दफन, लॉज संचालक और भूमि मालिक पर FIR, 24 घंटे चला रेस्क्यू

ग्रामीणों का कहना है, कि शव की स्थिति संदिग्ध है। उनका दावा है कि महिला का मुंह तार से बंधा हुआ था और उसके हाथ भी बंधे होने की आशंका है, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों ने संदेह जताया है कि महिला के बेटे ने ही आग लगाकर अपनी मां को जिंदा जला दिया। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना डायल-112 को खुद मृतका के बेटे संतोष ने दी थी। गांव के पूर्व सरपंच अनिल यादव ने बताया कि आग लगने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया।

इधर रविवार दोपहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने बताया कि मकान में आग लगने से महिला की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम एसडीओपी के साथ मौके पर पहुंची। शव बुरी तरह जला हुआ है, इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि महिला की मौत आग में जलने से हुई या पहले उसकी हत्या कर आग लगाई गई।

पुलिस के अनुसार मामले में मृतका के बेटे से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें