दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के लोको में गुरुवार रात एक संदिग्ध चोर पिंकू यादव की घर की छत पर दिखाई दिया, जो चोरी की नीयत से घर में घुसने का प्रयास कर रहा था। चोर के देखकर पड़ोसी ने पिंकू को सूचना दी, जैसे ही मकान मालिक छत पर पहुंचा संदिग्ध व्यक्ति ने ईंट से हमला कर दिया। हमले में पिंकू के मुंह में गंभीर चोट आई। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने एकत्र होकर संदिग्ध को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मकान मालिक पिंकू यादव ने बताया कि रात करीब 11:00 बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि छत पर कोई संदिग्ध व्यक्ति है। जब उन्होंने जाकर देखा तो एक लंबी दाढ़ी वाला व्यक्ति छत पर मौजूद था। छत पर पहुंचते ही संदिग्ध ने उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे पिंकू घायल हो गए। बाद में उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति उड़ीसा का रहने वाला है जो ट्रेन से रेलवे स्टेशन पर उतरा और लोको क्षेत्र में चला गया। उसे हिंदी बोलनी नहीं आती। स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह कुछ भी बताने में असमर्थ रहा। यह भी संभावना है कि वह हिंदी न जानने का नाटक कर रहा हो। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किस मकसद से उस घर में घुसा था।
संदिग्ध व्यक्ति की घटना के चलते स्थानीय लोगों ने रेलवे कैंटीन के कुछ वेंडर्स को भी संदेह के घेरे में लिया। पुलिस को उनकी सूचना दी गई। पूछताछ के बाद रेलवे पुलिस ने वेंडर्स को घर जाने दिया। हालांकि, बाद में कुछ बदमाशों ने वेंडर्स में से दो लोगों के साथ मारपीट की। घायलों को देर रात एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। वेंडर्स के मकान मालिक ने इस घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।
संदिग्ध को पकड़ा
कोतवाली टीआई आनंद राज ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति को रात की गश्त के दौरान पकड़ा गया। उससे पूछताछ जारी है। मारपीट के मामले में भी घायलों से जानकारी ली जा रही है।