फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: पथरिया में खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार की मौत, परिजनों ने ट्रक में लगाई आग

Thu, 19 Dec 2024 02:19 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात चौधरी वेयरहाउस के पास सड़क पर खड़े एक ट्रक से बाइक सवार युवक टकरा गया, जिसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और आक्रोश में आकर ट्रक में आग लगा दी। हंगामा बढ़ते देख दमोह सहित अन्य थाना क्षेत्र से पुलिस बल रात में ही मौके पर पहुंचा।

जानकारी के अनुसार पथरिया के वार्ड क्रमांक 7 में रहने वाला आकाश बहेरिया बाइक से पथरिया के पास अपने जीजा के यहां इमलिया गांव जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गुस्साए लोगों ने ट्रक क्रमांक एमपी 15 HA 1874 को आग के हवाले कर दिया। ट्रक में कुछ खराबी थी इसलिए ट्रक को चालक ने सड़क पर ही खड़ा कर दिया था। उसके इंडिकेटर भी नहीं चल रहे थे। इसलिए बाइक सवार अंधेरे में ट्रक को नहीं देख पाया और सीधे टकरा गया। हादसा होते ही ट्रक चालक, क्लीनर वहां से भाग गए। पथरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन लोग काफी गुस्से में थे और उनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद जिला मुख्यालय से भी बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौके पर भेजा गया, तब जाकर लोग शांत हुए। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल माहौल शांत है, लेकिन उपद्रव की संभावना को देखते हुए पुलिसबल को थाने में ही रोका गया है।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें