दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर नोहटा थाना क्षेत्र सेतु के आगे छीन्ना गांव के पास गुरुवार रात एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में 25 वर्षीय सोनू आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक 100 मीटर तक शव को घसीटता ले गया। घटना की जानकारी लगते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे और दमोह जबलपुर हाईवे पर जाम लगा दिया।
मृतक छीन्ना नोहटा का निवासी था और साप्ताहिक बाजार से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था। गुरुवार रात करीब 9 बजे पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सोनू की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू ट्रक के नीचे फंस गए और लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए चला गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- छिंदवाड़ा में रिहायशी मकान से बड़ी मात्रा में डायनामाइट बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शव को सड़क पर रखकर लगाया जाम
घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्होंने शव को सड़क पर रखकर दमोह-जबलपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके कारण नोहटा और अभाना मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गईं। सूचना मिलने पर नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल और जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की बातचीत और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही सड़क जाम खुल सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दमोह जिला अस्पताल भेज दिया और फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर रवाना कर दी गई हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फरार ट्रक चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि परिजनों को समझाइश देकर शब जिला अस्पताल भिजवाया गया है। अज्ञात ट्रक चालक पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।