दमोह के मिशन अस्पताल में सात हृदय रोगियों की मौत के मामले में गिरफ्तार किए गए नरेंद्र यादव उर्फ एनजॉन केम को गुरुवार को फिर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट से बाहर निकलते वक्त नरेंद्र यादव ने कहा कि उसके नाम को खराब करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आरोपी को फिर से रिमांड पर ले गई है।
बता दें कि आरोपी डॉक्टर को सात अप्रैल को दमोह पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया था। देर रात पुलिस उसे दमोह लेकर पहुंची थी। आठ अप्रैल को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया था। जहां पुलिस ने न्यायालय से आरोपी की 5 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी, जो मंजूर हो गई थी। इसके बाद 13 अप्रैल को फिर पुलिस ने चार दिन की रिमांड मांगी, जिसे न्यायालय ने मंजूरी कर लिया था। गुरुवार को 4 दिन की रिमांड पूरी हो रही थी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया और फिर से एक दिन की रिमांड मांगी। न्यायालय ने एक बार फिर आरोपी को एक दिन की रिमांड पर भेज दिया। सीएसपी अभिषेक तिवारी ने कहा कि हमारी जो जांच चल रही है उसमें कुछ पूछताछ और बाकी रह गई है। कुछ डॉक्यूमेंट भी एकत्रित करने हैं, इसलिए हमने न्यायालय से एक दिन की रिमांड मांगी थी। जो हमें मिल गई।
ये भी पढ़ें-मानवाधिकार आयोग के सदस्य कानूनगो बोले- सात मौत के मामले में CMHO प्रमुख रूप से दोषी, और क्या कहा?
मिशन अस्पताल का लाइसेंस निलंबित
इसके अलावा मिशन अस्पताल पर भी प्रशासन के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पहले कैथ लैब सील कर दी गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन समिति के 9 लोगों पर अलग- लग धाराओं में मामला दर्ज किया। उसके बाद बुधवार को सीएमएचओ डॉ मुकेश जैन ने अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया।