दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदूटोला के जंगल में सोमवार रात क्रूरता पूर्वक मवेशियों को लेकर जा रहे एक कंटेनर को भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने पकड़ लिया। जैसे ही कंटेनर पकड़ा गया, उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। तत्काल ही पुलिस को सूचना दी गई तो तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद मवेशियों को मुक्त कराया गया। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। करीब 70 से अधिक मवेशी कंटेनर में बंद मिले।
बता दें कि भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों को रात करीब दस बजे सूचना मिली कि तहसील बटियागढ़ के ग्राम हरदुटोला के जंगल में अवैध तरीके से एक कंटेनर में 70 गोवंश को भरकर ले जाया जा रहा है। बतियागढ़ भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने अन्य ब्लाक के साथियों को भी जानकारी दी और उसके बाद सैकड़ों लोगों ने घेराबंदी कर कंटेनर को पकड़ लिया।
मौके पर चार आरोपी फरार हो गए, जिनके नाम पेमा बंजारा, जगना बंजारा, जस्सा बंजारा, रामा बंजारा, निवासी हरदुटोला के रहने वाले हैं। संगठन के संभागीय अध्यक्ष डॉ सुजान सिंह ने बताया कि जंगल से इन गोवंशों को कंटेनर में ठूंस ठूंस कर भरा गया था। जिसकी वजह से कई गोवंश बेहोश हो गए। उन्होंने कहा पेमा बंजारा काफी लंबे समय से यह काम कर रहा है। कंटेनर के कांच भी कुछ लोगों द्वारा फोड़ दिए गए और अंदर से चार गाय और 66 बैलों को सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान रजपुरा थाना पुलिस के अलावा हटा थाना प्रभारी धर्मेन्द्र उपाध्याय मडियादो थाना प्रभारी ब्रजेश पांडे के साथ पुलिस बल मौजूद रहा। सभी गोवंश को मंगलवार को गोशाला भेजा जा रहा है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।