फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: शव यात्रा पर मधुमक्खियों का हमला, अर्थी छोड़कर भागे लोग, मुंडन करा रहे लोग भी हुए शिकार

Sun, 09 Mar 2025 07:33 AM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह शहर के फुटेरा तालाब के पास शव यात्रा में जा रहे लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अर्थी छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगे। कुछ देर बाद मधुमक्खियां शांत हुईं, तब लोगों ने अर्थी को मुक्तिधाम तक पहुंचाया।

दरअसल, फुटेरा तालाब के पास हटा नाका मुक्तिधाम में शव यात्रा के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में आधा सैकड़ा से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार सुबह 11:30 बजे की है। मांझी समाज की वरिष्ठ नेत्री शकुंतला रैकवार की अंतिम यात्रा असाटी वार्ड से हटा नाका मुक्तिधाम की ओर जा रही थी। अंतिम यात्रा में करीब दो सैकड़ा से अधिक लोग शामिल थे। यात्रा फुटेरा तालाब के पास विश्राम घाट पर पूजन के लिए रुकी, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि शव यात्रा के साथ चल रही मटकी से निकलने वाला धुआं पीपल के पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते तक पहुंच गया, जिससे मधुमक्खियां भड़क गईं और लोगों पर हमला कर दिया।

लोग शव छोड़कर भागे
मधुमक्खियों के हमले से लोग जान बचाने के लिए शव छोड़कर भाग गए। भाजपा युवा नेता मोंटी रैकवार ने बताया कि बाद में उन्होंने व्यापारी संजय असाटी, शंकर रैकवार और विनय रैकवार के साथ अर्थी को कंधा देकर श्मशान तक पहुंचाया।

मुंडन करा रहे लोगों पर भी हमला
मधुमक्खियों ने तालाब किनारे मुंडन करा रहे लोगों पर भी हमला कर दिया। हालांकि, घायलों में से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा।
मधुमक्खियों के शांत होने के बाद लोग मुक्तिधाम पहुंचे और शव का अंतिम संस्कार किया। गौरतलब है कि इस स्थान पर काफी पेड़ हैं, जिनमें मधुमक्खियों के छत्ते बने हुए हैं। इससे फिर कभी इस तरह की घटना हो सकती है। समाज के लोगों ने प्रशासन से इन छत्तों को हटवाने की अपील की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें